चांडाल बना गुरु, शंकराचार्य ने पाया अद्वैत का ज्ञान | The Day a Chandala Became Shankaracharya’s Guru
Hindi:
पूरे भारत पर अपने पैरों की छाप लगाते हुए वह युवक कुछ दिनों के लिए काशी में रुका हुआ था। विश्वेश्वर महादेव से लगी मणिकर्णिका घाट के निकट ही फूस की कुछ कुटियों में वह अपने शिष्यों सहित रहता था। अद्वैत के उसके सिद्धांत ने बौद्धिकों के मन मस्तिष्क में हलचल मचा दी थी, एवं शास्त्रार्थ में उससे पराजित होने वाले वयोवृद्ध प्रकांड पण्डित भी उस युवक को अपना गुरु मान अपने शिष्यों सहित उसके चरणों में नतमस्तक रहते थे। राजा से लेकर प्रजा तक, दक्षिण से लेकर उत्तर तक, समस्त भारत उसे शंकराचार्य कहकर प्रणाम करता था।
प्रातः से अनवरत बोलते और शिष्यों एवं जिज्ञासुओं के उत्तर देते-देते वह किंचित थक सा गया था। आकाश से देवता उसे देख रहे हो या न देख रहे हों, पर एक देवता अपने प्रचंड रूप से पृथ्वी पर अपनी कोपदृष्टि बरसा रहा था। छोटे-मोटे तालाब तो सूख ही चुके थे, नदी का पाट भी कम हो चला था। प्रत्येक जीव के ठीक सिर के ऊपर आकाश का वह देवता अपनी दृष्टि से सबको घूर रहा था, जिससे बचने के लिए मछलियां नदी में गहरे चली गई थी, पक्षी अपने घोसलों में दुबक गए थे।
युवक ने सोचा कि इस अथाह गर्मी से छुटकारा पाने के लिए गंगा में डुबकी लगा ली जाए। वह उठा तो उसके कुछ शिष्य भी साथ चलने लगे। घाट की सीढ़ियों से उतरते हुए उन्हें बीच रास्ते में चार भयानक कुत्तों के साथ एक चाण्डाल खड़ा दिखा, जो पता नहीं सीढ़ियों से ऊपर जा रहा था या नीचे। शिष्यों ने दुत्कारा, "दुर-दुर, हट-हट।"
कुत्तों ने दुरदुराने वालों को देखा और अपने कर्तव्य के निर्धारण हेतु अपने स्वामी चाण्डाल को देखा। उनका स्वामी वैसे ही सीढ़ियों के किनारे बने मन्दिरों को निहारता ही रहा। कुत्तों ने संकेत समझा और वहीं कूँ-कूँ करते हुए चाण्डाल के चरणों में बैठ गए।
ज्येष्ठ माह की धूप, प्रातः से तर्क-वितर्क से थके मस्तिष्क वाले युवक ने किंचित व्यग्रता से कहा, "अरे चाण्डाल, मार्ग से हट। मुझे नीचे नदी तक जाना है।"
चाण्डाल ने युवक को क्षण भर देखा, और बोला, "तो जा भाई, मैंने कब तेरा मार्ग रोका है? मैं कोई साँड़ तो हूँ नहीं कि मेरी देह के विस्तार ने तेरा मार्ग अवरुद्ध किया हो। पतला-दुबला तो हूँ, पार्श्व से निकल जा। या मेरे इन कुत्तों से डरता है? सुना तो है कि तू सारे नदी-नाले, जंगल-पहाड़ फांदकर आया है। क्या वनों के वन्यपशुओं से अधिक भयावह तुझे ये कुत्ते लगते हैं, जो निकट आने में तुझे भय लगता है? आ जा, ये कुछ नहीं करेंगे। मैं मना कर दूंगा इन्हें।"
यह सुन शिष्यों के मुख से दुर्वचन निकलने लगे, और युवक की भृकुटि चढ़ गई। बोला, "रे चाण्डाल, अपनी काया से क्यों मुझे अपवित्र करने पर तुला है। चार पग चल कर दाएँ-बाएँ हो जा, मैं निकल जाऊं, फिर पुनः आकर यहीं समाधि लगा लेना।"
"ओह, अच्छा-अच्छा, तुझे कुत्तों से नहीं, अपितु मेरी इस मानस देह से समस्या है। मुझे तो लगा था कि अद्वैत की बात करने वाला तू कोई विद्वान होगा। कितने ही पंडे-पुजारी इस काशी में गेरुआ वस्त्र पहने, माथे पर तिलक लगाए और हाथ में कमण्डल लिए घूमते हैं, चतुर वाणी बोल प्रजा को मूर्ख बनाकर अपना स्वार्थ सिद्ध करते हैं। तू भी उन जैसा ही कोई अभिनेता है क्या?"
युवक को समझ नहीं आया कि चाण्डाल क्या कह रहा है। वह, जिसने भारत भर के विद्वानों को अपनी प्रज्ञा से पराजित किया, क्या कोई ठग है जो जनता को बहका रहा है! युवक को खिन्न और अपनी ओर घूरता देखकर चाण्डाल पुनः बोला, "घूरता क्या है रे ठग? क्या मैंने कुछ गलत कहा? तू ठग नहीं है तो क्यों बात अद्वैत की करता है परन्तु व्यवहार में चाण्डाल और ब्राह्मण में भेद करता है? क्या नदी में प्रतिबिंबित सूर्य और पोखरे में प्रतिबिंबित सूर्य में कोई अंतर है? क्या ये तेरी गंगा किसी चतुर्वेदी और चंडाल में, पंडा और पासी में, नीतिकार और चर्मकार में भेद करेगी? क्या तेरे शरीर में जो आत्मा, परमात्मा, प्रत्यगात्मा है, वह मेरे शरीर से भिन्न है? जो अनन्त है, अव्यक्त है, अचिंतनीय है, अपने उस स्वरूप को, उस आत्मा को भूलकर अपनी देह को महत्व देने वाला और दूसरे की देह को अपवित्र मानने वाला तू कोई अद्वैतवादी कैसे हो सकता है? तू या तो मूर्ख है, या कपटी है! तेरी वाणी पर कुछ और, मन में कुछ और, तू संसार को अद्वैत बताएगा? तू तो स्वयं ही द्वैत का सर्वोच्च उदाहरण है। ले, छोड़ दिया तेरा रास्ता। जा, जाकर लगा ले डुबकी गंगा में। बाहर निकल कर फिर किसी दूसरे नगर जाकर अपनी ठगी दिखाना। दिग्विजय पर निकला है न तू। जा, कर दिग्विजय। पर है तू कायर ही। तुझसे तो आजतक अपना मिथ्या अहंकार, अपना मन तक न जीता गया।"
जैसे किसी ने कशाघात किया हो, या किसी घोड़े ने वक्ष पर पदप्रहार किया हो, युवक कुछ क्षण तो सन्न रह गया। चाण्डाल की वाणी, उसके तर्क, उसका तिरस्कार मस्तिष्क में घूमते रहे। नेत्रों से गंगा बह चली और एकाएक ही वह चाण्डाल की ओर दौड़ पड़ा। आगे का दृश्य देख शिष्यों के प्राण उनके मुख में आ गए। ब्राह्मणों में पूजित वह युवक एक चाण्डाल के पैरों में लिपटा, उसके चरणों को अपने अश्रुओं से धो रहा था। चांडाल मुस्कुरा रहा था और उसका हाथ युवक के सिर और पीठ को सहला रहे थे।
जब युवक थोड़ा स्वस्थ्य हुआ तो बोला, "मनुष्यों में श्रेष्ठ श्रीमान, आपने जो कहा, सत्य कहा। जो जीव विष्णु में है, महादेव में है, वह जीव ब्राह्मण में है, चाण्डाल में है, मनुष्य में है और पशुओं तथा वृक्षों में भी है। श्रीमान, मैं आपका ऋणी हूँ। कृपया मुझे शिष्य रूप में स्वीकार करें। आप चाण्डाल हों या ब्राह्मण, देव हों या असुर, मेरे गुरु हैं।"
चाण्डाल मुस्कुराता रहा और युवक देखता रहा। युवक के देखते ही देखते चाण्डाल का रूप परिवर्तित हो गया। उसने देखा कि कदाचित नीलवर्णी, अथवा पिंगलवर्णी या कदाचित श्वेतवर्णी परमात्मा जिसके हाथों में वेद हैं, जिसकी जटाओं पर चंद्रमा है, जिसने हाथी का चमड़ा पहना है या कपास के कपड़े पहने हैं, जिसके गले में सर्प है या कि गजमुक्ता, बैठा-बैठा नेत्रों से प्रेम बरसा रहा है। युवक देखता ही रहा और बोला, "शंभो, मेरी देह तेरी दास है। मेरी आत्मा तेरा अंश है। समस्त ब्रह्मांड में आद्य आत्मा तेरी ही है, और मैं तेरा ही भाग हूँ। तू शंकर है, मैं भी शंकर हूँ। तू शिव है, मैं भी शिव हूँ। शिवोहम-शिवोहम।
बेंगलुरु के नंबर 1 ज्योतिषी एस्ट्रो भाग्यराज गुप्त द्वारा अपनी कुंडली का विश्लेषण करवाएं अपॉइंटमेंट के लिए इस लिंक पर क्लिक करें Appointment With Aacharya Ji by Call | आचार्य जी से फ़ोन पर बात करें पर या मोबाइल नंबर +91 91156 51234 पर संपर्क कर सकते हैं। ॐ नमो भगवते वासुदेवाय नमः
English:
Having left his footprints across the length and breadth of India, the young man had halted in Kashi for a few days. He resided, along with his disciples, in a cluster of thatched huts situated near Manikarnika Ghat, adjacent to the shrine of Vishweshwar Mahadev. His doctrine of Advaita had stirred a profound intellectual ferment in the minds of scholars; indeed, even venerable, erudite pundits—whom he had defeated in scriptural debates—acknowledged him as their Guru and, along with their own disciples, bowed in reverence at his feet. From kings to commoners, from the South to the North, the entirety of India paid homage to him, addressing him as Shankaracharya.
Having spoken incessantly since dawn—answering the queries of disciples and seekers alike—he felt a touch of weariness. Whether the celestial deities looked down from the heavens or not, one particular deity—the Sun—was certainly unleashing his wrathful gaze upon the earth in all his blazing fury. The smaller ponds had long since dried up, and even the riverbed had begun to recede. Hovering directly overhead, that celestial deity of the sky glared down upon every living creature; to escape his scorching gaze, the fish had retreated into the deepest depths of the river, while the birds had huddled fearfully within their nests.
The young man decided that, to find respite from this oppressive heat, he would take a dip in the Ganges. As he rose to leave, several of his disciples followed suit. Descending the steps of the ghat, they encountered—midway down—a Chandala accompanied by four fierce dogs; it was unclear whether the man was ascending the steps or descending them. The disciples shouted at them in rebuke: "Shoo! Get away! Move aside!"
The dogs turned their gaze toward those who were shooing them away, then looked to their master—the Chandala—to determine their course of action. Their master, however, remained engrossed in gazing at the small shrines built along the edge of the steps. The dogs understood the silent cue; whimpering softly, they settled down right there, at the feet of the Chandala. Beneath the scorching sun of the month of Jyeshtha—his mind weary from the debates he had engaged in since dawn—the young man spoke with a hint of exasperation: "Hey, you *Chandala*! Get out of the way. I need to go down to the river."
The *Chandala* observed the young man for a moment and replied, "Then go, brother; when have I ever blocked your path? I am no bull, after all, whose massive bulk might obstruct your way. I am but a lean, slender man; simply pass by my side. Or are you afraid of these dogs of mine? I have heard that you have traversed rivers, streams, forests, and mountains to get here. Do these dogs seem more terrifying to you than the wild beasts of the forests, such that you fear approaching them? Come along; they won't harm you. I will simply tell them to desist."
Upon hearing this, abusive words began to spill from the mouths of the disciples, and the young man’s brow furrowed in anger. He retorted, "You *Chandala*! Why are you bent on defiling me with your physical presence? Just walk four paces to the right or left so I may pass; then, you may return and resume your meditation right here."
"Oh, I see—so your issue lies not with the dogs, but rather with this human body of mine. I had assumed that you—one who speaks of *Advaita*—must surely be a true scholar. Yet, how many priests and pundits roam this city of Kashi, clad in saffron robes, bearing ritual marks upon their foreheads and water-pots in their hands? With their clever rhetoric, they dupe the common folk merely to serve their own selfish ends. Are you, too, merely an actor cut from the same cloth?"
The young man could not fathom what the *Chandala* was implying. Was he—the very man who had defeated scholars across the length and breadth of India with the sheer power of his intellect—being accused of being nothing more than a charlatan, a deceiver of the masses? Observing the young man’s dejection and the way he stared fixedly at him, the Chandala spoke again: "Why do you stare so, you charlatan? Did I say something untrue? If you are no charlatan, then why do you speak of *Advaita*—non-duality—yet in practice, make distinctions between a Chandala and a Brahmin? Is there any difference between the sun reflected in a river and the sun reflected in a stagnant pond? Will this Ganges of yours discriminate between a *Chaturvedi* and a Chandala, between a priest and an untouchable, between a moralist and a tanner? Is the *Atman*—the Soul, the Supreme Spirit, the Inner Self—that resides within your body any different from the one within mine? How can you claim to be a proponent of *Advaita*—of non-duality—when, having forgotten your true nature—that which is infinite, unmanifest, and inconceivable—you attach such importance to your own physical form while deeming another's body impure? You are either a fool or a hypocrite! With words on your tongue that differ entirely from the thoughts in your mind, do you presume to preach non-duality to the world? You, yourself, are the supreme embodiment of duality! Here—I step aside and clear your path. Go now; go take your ritual dip in the Ganges. Once you emerge, go to some other city and ply your deceptive trade there. You have set out on a quest for *Digvijaya*—conquest of the world—have you not? Go forth, then, and achieve your conquest. Yet, in truth, you remain a coward. For to this very day, you have failed to conquer even your own false ego—failed to conquer even your own mind."
As if struck by the lash of a whip, or kicked squarely in the chest by a horse, the young man stood stunned and motionless for a few moments. The Chandala’s words—his arguments, his scathing rebuke—swirled ceaselessly within his mind. Tears streamed from his eyes like the flowing Ganges, and suddenly, he rushed toward the Chandala. At the sight of the scene that unfolded next, the disciples stood aghast, their hearts leaping into their throats. That young man—revered and worshipped by Brahmins—was now clinging to the feet of a Chandala, washing those very feet with his own tears. The Chandala smiled gently, his hands resting upon the young man’s head and back, stroking them with tender affection. When the young man had somewhat recovered, he spoke: "O most noble among men, what you have said is the truth. The very soul that resides in Vishnu and in Mahadev—that same soul dwells within the Brahmin, the Chandala, the human being, and even within animals and trees. Sir, I am indebted to you. Please accept me as your disciple. Whether you be a Chandala or a Brahmin, a Deva or an Asura—you are my Guru."
The Chandala continued to smile, and the young man continued to gaze upon him. Even as the young man watched, the Chandala's form began to transform. He beheld the Supreme Being—perhaps blue-hued, perhaps golden-hued, or perhaps pure white—holding the Vedas in His hands, bearing the moon amidst His matted locks; clad perhaps in the hide of an elephant, or perhaps in garments of cotton; adorned around His neck with either a serpent or a pearl of the elephant—sitting there, showering forth love from His eyes. The young man continued to gaze in awe and spoke: "O Shambho, my body is Thine I am Your servant. My soul is a fragment of Yours. Throughout the entire universe, the Primal Soul is Yours alone, and I am but a part of You. You are Shankar; I, too, am Shankar. You are Shiva; I, too, am Shiva. Shivoham—Shivoham.
analyse your horoscope by Bengaluru Best Astrologer Astro Bhagyaraj Gupt take appointment click at this link Appointment With Aacharya Ji by Call | आचार्य जी से फ़ोन पर बात करें or You can whatsapp +91 91156 51234 .
